ग्राम पंचायत कैथा में लाखों के कथित गबन का आरोप, सरपंच, सरपंच पति और सचिव पर धारा 40 के तहत कार्रवाई की मांग

जैजैपुर, सक्ती।
जनपद पंचायत जैजैपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत कैथा में विकास कार्यों के नाम पर शासकीय राशि के कथित दुरुपयोग का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती श्याम बाई कश्यप, उनके पति तथा पंचायत सचिव पर लाखों रुपये की शासकीय राशि के कथित गबन के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मामले को लेकर ग्राम पंचायत के निवासी संतोष कुमार कश्यप एवं पंच पूनम कश्यप ने कलेक्टर तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, 15वें वित्त आयोग की राशि से 22 जुलाई 2025 को बस स्टैंड कैथा में छतदार चबूतरा निर्माण के लिए 2 लाख 25 हजार रुपये की राशि आहरित की गई थी। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि मौके पर उक्त निर्माण कार्य दिखाई नहीं देता। इसके अलावा नाली निर्माण, स्कूल मरम्मत एवं पेंटिंग, हैंडपंप मरम्मत एवं स्थापना सहित कई अन्य विकास कार्यों के नाम पर भी लाखों रुपये की राशि निकाली गई, लेकिन कई कार्य या तो अधूरे हैं या धरातल पर दिखाई नहीं देते।
शिकायतकर्ता संतोष कुमार कश्यप ने बताया कि उन्होंने 23 जून को आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि ग्राम पंचायत में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताएं हुई हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच जनहित में आवश्यक है।
इस संबंध में जनपद पंचायत जैजैपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप कश्यप ने कहा कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच कराई जाएगी तथा जांच में यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को प्रतिवेदन भेजा जाएगा।
वहीं शिकायतकर्ताओं संतोष कुमार कश्यप एवं ध्वजा राम कश्यप ने छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम की धारा 40 के तहत ग्राम पंचायत की सरपंच को पद से पृथक करने की भी मांग की है। उनका कहना है कि यदि जांच में आरोप प्रमाणित होते हैं तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि शासकीय राशि के दुरुपयोग पर रोक लग सके।





